हार्ट अटैक के समय अकेले हों तो क्या करें? उठाएं ये 10 जरूरी कदम

क्या आपने कभी सोचा है कि अगर अचानक आपको सीने में तेज दर्द शुरू हो जाए, सांस लेने में दिक्कत हो और उस समय घर में कोई भी मौजूद न हो, तो आप क्या करेंगे?
अगर आप सोच रहे हैं कि हार्ट अटैक के समय अकेले हों तो क्या करें, तो सबसे जरूरी बात है कि घबराने के बजाय तुरंत आपातकालीन मेडिकल सहायता लें।
ज्यादातर लोग शुरुआती संकेतों को थकान या गैस समझकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। लेकिन एक बात हमेशा याद रखें कि दिल के दौरे में जितनी जल्दी सही इलाज मिलता है, बचने की संभावना उतनी ज्यादा होती है इसी वजह से Cardiology में अक्सर कहा जाता है—’Time is Muscle’ यानी इलाज में हर मिनट महत्वपूर्ण है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, हृदय और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारियां दुनियाभर में मृत्यु का प्रमुख कारण हैं। 2022 में अनुमानित 19.8 मिलियन लोगों की मृत्यु cardiovascular diseases के कारण हुई।
यह लेख आपको बताएगा कि अगर हार्ट अटैक के समय आप बिल्कुल अकेले हों, तो सबसे पहले क्या करें, कौन-सी गलतियों से बचें, एम्बुलेंस कब बुलाएं, पैनिक बैंड और फैमिली इमरजेंसी कोड क्या होते हैं, और किन लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
संक्षिप्त उत्तर (Quick Answer)
अगर हार्ट अटैक के समय अकेले हों तो सबसे पहले 112 या 108 पर इमरजेंसी मदद के लिए कॉल करें। खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जाने की कोशिश न करें। घर का दरवाजा खुला रखें। किसी भरोसेमंद व्यक्ति को सूचना दें, बैठ जाएं या आधी लेटी हुई स्थिति में आराम करें। अगर डॉक्टर ने पहले से सलाह दी हो तो कुछ मामलों में एस्पिरिन चबाकर लेने की सलाह दी जा सकती है।
एक नजर में (Quick Summary)
- हार्ट अटैक तब होता है जब हृदय की किसी धमनी में रक्त प्रवाह रुक जाता है
- ज्यादातर मामलों में लोग शुरुआती संकेतों को पहचान ही नहीं पाते
- खुद वाहन चलाकर अस्पताल जाने की कोशिश न करें
- लगातार सीने में दबाव या जलन, सांस फूलना, हाथ,जबड़े या पीठ में फैलता दर्द गंभीर संकेत हो सकते हैं
- हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, धूम्रपान, मोटापा और हाई कोलेस्ट्रॉल हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ाते हैं
- समय पर इलाज मिलने से जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है
हार्ट अटैक क्या होता है?
जब हृदय की किसी कोरोनरी धमनियाँ में रक्त का प्रवाह गंभीर रूप से कम या बंद हो जाता है, तो हृदय की मांसपेशियों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती और हार्ट अटैक हो सकता है। यह रुकावट अधिकतर कोलेस्ट्रॉल और फैट से बनी प्लाक (Plaque) के फटने और उसके ऊपर खून का थक्का बनने के कारण होती है। जब रक्त प्रवाह बंद हो जाता है, तो हृदय की मांसपेशियों को ऑक्सीजन नहीं मिलती। यदि समय पर इलाज न मिले, तो प्रभावित मांसपेशियां स्थायी रूप से क्षतिग्रस्त हो सकती हैं।
अगर आप अकेले हैं, तो खुद की मदद कर पाना और सही कदम उठाना मुश्किल हो जाता है और कई बार लोग घबराहट में एम्बुलेंस बुलाना भी भूल जाते हैं। ज्यादातर मामलों में लोग शुरुआती संकेतों को पहचान ही नहीं पाते, इसलिए उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पाता।
इसी वजह से हार्ट अटैक एक मेडिकल इमरजेंसी माना जाता है।
हार्ट अटैक कैसे होता है?

सरल भाषा में इसे इस तरह समझ सकते हैं
- वर्षों तक धमनियों में धीरे-धीरे फैट और कोलेस्ट्रॉल जमा होता रहता है
- इससे धमनियां संकरी होने लगती हैं
- कोलेस्ट्रॉल और फैट से बनी प्लाक (Plaque) फटने पर वहां खून का थक्का बन जाता है
- खून का यह थक्का रक्त का रास्ता बंद कर सकता है
- जिससे हृदय की मांसपेशियों तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती
हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में क्या अंतर है?

बहुत से लोग इन दोनों शब्दों को एक जैसा समझ लेते हैं, लेकिन ये दोनों अलग-अलग स्थितियां हैं, और इनका फर्क समझना बेहद जरूरी है।
Victor Chang Cardiac Research Institute इन दोनों को एक आसान तरीके से समझाता है
हार्ट अटैक घर में पानी सप्लाई करने वाले उस पाइप की तरह एक समस्या है जिसमें पानी बहने का रास्ता कही ब्लॉक हो जाए तो पूरे घर की पानी की सप्लाई रुक सकती है ठीक उसी तरीके से अगर दिल तक खून पहुंचाने वाली कोई नस अचानक ब्लॉक हो जाती है तो दिल की मांसपेशियों को ऑक्सीजन मिलना बंद हो जाता है।
वहीं कार्डियक अरेस्ट में दिल की पंपिंग अचानक प्रभावी रूप से बंद हो जाती है, जिससे शरीर में रक्त का प्रवाह रुक जाता है। यह अक्सर दिल की इलेक्ट्रिकल गतिविधि में गंभीर गड़बड़ी के कारण होता है।
|
समस्या किस तरह की है |
हार्ट अटैक एक Circulation (ब्लॉकेज) समस्या है |
कार्डियक अरेस्ट एक Electrical (रिदम फेल) समस्या है |
|
दिल धड़कता रहता है? |
हार्ट अटैक में दिल धड़कता रहता है |
कार्डियक अरेस्ट में दिल प्रभावी रूप से रक्त पंप करना बंद कर देता है |
|
तुरंत क्या जरूरी है |
अपने क्षेत्र के आपातकालीन नंबर पर तुरंत कॉल करें |
आपातकालीन नंबर पर तुरंत कॉल के साथ-साथ CPR + AED (अगर उपलब्ध हो) दें |
कुछ जरूरी तथ्य:
- American Heart Association के अनुसार, करीब 84% sudden cardiac arrests किसी पहले से मौजूद हार्ट कंडीशन से जुड़े होते हैं लेकिन कई बार पीड़ित को इसका पता ही नहीं होता
- हार्ट अटैक कार्डियक अरेस्ट को ट्रिगर कर सकता है यानी अगर हार्ट अटैक का समय पर इलाज न हो, तो यह आगे चलकर कार्डियक अरेस्ट में बदल सकता है
- Cardiac arrest में defibrillation और CPR शुरू होने में देरी survival की संभावना को तेजी से कम करती है
- AHA के नए 2025 CPR गाइडलाइंस के अनुसार, समय पर CPR देने से किसी की बचने की संभावना 2 से 3 गुना तक बढ़ सकती है
हार्ट अटैक के शुरुआती संकेतों की पहचान कैसे करें?
फिल्मों में अक्सर दिखाया जाता है कि हार्ट अटैक आने पर व्यक्ति अचानक गिर पड़ता है। लेकिन असल ज़िंदगी में ऐसा कम ही होता है। हार्ट अटैक के लक्षण अचानक भी शुरू हो सकते हैं और धीरे-धीरे भी विकसित हो सकते हैं।
मुख्य संकेत:
- छाती में दर्द, दबाव या भारीपन
- सांस फूलना
- ठंडा पसीना आना
- बाएं हाथ, गर्दन या जबड़े में दर्द
- अचानक कमजोरी या चक्कर आना
- जी मिचलाना
अगर हार्ट अटैक जैसे लक्षण दिखाई दें, तो 5 मिनट पूरे होने का इंतजार न करें तुरंत आपातकालीन चिकित्सकीय सहायता लें।
(विस्तार से पढ़ें: महिलाओं में साइलेंट हार्ट अटैक के संकेत, जहां कम-पहचाने जाने वाले लक्षण भी बताए गए हैं)
हार्ट अटैक से जुड़ा एक खतरनाक मिथक
सोशल मीडिया पर एक सलाह बहुत तेज़ी से फैलती है कि अगर अकेले हैं तो जोर-जोर से खांसते रहें, इससे दिल चलता रहेगा इसे Cough CPR कहा जाता है।
Cough CPR को घर पर हार्ट अटैक के इलाज के रूप में इस्तेमाल करना सही नहीं है।अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन इसे आम लोगों के लिए अनुशंसित नहीं करता। यह तकनीक सिर्फ अस्पताल की कैथ लैब जैसी नियंत्रित सेटिंग में, जहां मरीज पहले से मॉनिटर पर हो, कभी-कभी काम आती थी। घर पर अकेले किसी व्यक्ति के लिए यह न तो असरदार है, न सुरक्षित।
असली खतरा यह है कि यह मिथक असली मदद (जैसे एम्बुलेंस बुलाना) में देरी करा सकता है, जो जानलेवा हो सकता है।
हार्ट अटैक के समय अकेले हों तो क्या करें? ये 10 जरूरी कदम
इनमें सबसे पहले आपातकालीन सहायता के लिए फोन करें। बाकी कदम सहायता आने तक स्थिति को सुरक्षित रखने के लिए हैं।
- तुरंत आपातकालीन नंबर पर कॉल करें। संकोच न करें, भले ही सिर्फ शक हो
- फोन अपने पास रखें
- पड़ोसी को वॉयस मैसेज या कॉल करें कई बार सबसे पहले मदद पड़ोसी से ही मिलती है। उन्हें कम शब्दों में अपनी स्थिति बता दें
- अगर सुरक्षित हो और दरवाज़ा बंद हो, तो उसे खोल दें ताकि आपातकालीन सहायता दल आसानी से अंदर आ सकें
- अगर आपके घर में चिकित्सकीय आपातकालीन सहायता का बटन या आपातकालीन सूचना देने वाला बटन उपलब्ध है, तो उसे सक्रिय करें
- शांत होकर बैठ जाएं, ज्यादा हिलें-डुलें नहीं कहीं बैठकर पीठ टिकाएं, पैर ज़मीन पर रखें और अनावश्यक चलने-फिरने या शारीरिक मेहनत से बचें
- चिकित्सकीय विशेषज्ञ की सलाह पर, यदि एस्पिरिन से एलर्जी या इसे लेने में कोई अन्य चिकित्सकीय बाधा न हो, तो एस्पिरिन की गोली चबाने की सलाह दी जा सकती है। एस्पिरिन लेने के लिए आपातकालीन सहायता के लिए फोन करने में बिल्कुल देरी न करें
- खुद ड्राइव करके अस्पताल न जाएं रास्ते में बेहोशी आने का खतरा रहता है, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है
- Cough CPR न करें
- अगर हालत बिगड़ जाए या व्यक्ति बेहोश हो जाए, तो आपातकालीन निर्देशों का पालन करें। यदि कोई व्यक्ति सहायता के लिए पहुँचता है, तो CPR/AED की जरूरत पड़ सकती है
सबसे महत्वपूर्ण बात: हार्ट अटैक में “पहले कोई घरेलू उपाय करके देखते हैं” वाला रवैया खतरनाक हो सकता है। इससे बचकर रहें और जल्दी डॉक्टर से संपर्क करने की कोशिश करें
किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा है?
कुछ लोगों में हार्ट अटैक (और अकेले होने पर इसके गंभीर परिणाम) का खतरा ज्यादा होता है इन्हें खासतौर पर सतर्क रहना चाहिए:
- उम्र बढ़ने के साथ हार्ट डिजीज का जोखिम बढ़ता है, हालांकि कम उम्र में भी जोखिम हो सकता है
- हाई ब्लड प्रेशर या हाई कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित लोग (हाई ब्लड प्रेशर के लक्षण और जोखिम कारकों के बारे में विस्तार से पढ़ें)
- डायबिटीज के मरीज
- धूम्रपान करने वाले
- मोटापे या अधिक वजन से जूझ रहे लोग (पेट की चर्बी और बढ़ते वजन के स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में पढ़ें)
- जिनके परिवार में हार्ट डिजीज का इतिहास हो
- अत्यधिक तनाव में रहने वाले या बहुत कम सोने वाले लोग
- जो अकेले रहते हैं, खासकर बुज़ुर्ग या हार्ट पेशेंट जो घर पर ज्यादातर अकेले होते हैं
अगर आप इनमें से किसी भी श्रेणी में आते हैं, तो घर में मेडिकल अलर्ट बैंड, इमरजेंसी कोड और आपातकालीन नंबर आसानी से उपलब्ध रखना विशेष रूप से जरूरी है।
भारत में हार्ट अटैक के लिए इमरजेंसी नंबर: 112 और 108
| नंबर | सेवा |
|---|---|
| 108 | मेडिकल इमरजेंसी एम्बुलेंस — National Health Mission (भारत सरकार) के तहत |
| 112 | राष्ट्रीय इमरजेंसी नंबर (मेडिकल, पुलिस, फायर सभी इमरजेंसी के लिए) |
भारत में 112 राष्ट्रीय emergency number है, जबकि 108 ambulance service कई राज्यों में उपलब्ध है। सेवा की उपलब्धता और संचालन राज्य के अनुसार अलग हो सकता है।
अकेले रहने वालों के लिए Emergency Preparation
- आपातकालीन फोन नंबरों को अपने फोन में सबसे top पर रखें
- 112/108 आसानी से उपलब्ध रखें
- घर का पता याद या कही लिखा हुआ रखें
- अपनी चिकित्सकीय स्थितियों की जानकारी रखें।
- चिकित्सकीय आपातकालीन सहायता का बटन या आपातकालीन सूचना देने वाला बटन उपलब्ध हो तो उसका इस्तेमाल करें
Family Emergency Code क्या है?
आप अपने परिवार में पहले से एक छोटा आपातकालीन कोड तय कर सकते हैं, जोकि आपके हिसाब से कुछ भी हो सकता है। इसका मतलब है कि जिस व्यक्ति ने ये कोड वाला संदेश भेजा है उसे तुरंत सहायता की जरूरत है। यह चिकित्सकीय उपचार नहीं है, लेकिन अकेले रहने वाले व्यक्ति के लिए तुरंत संपर्क करने में सहायता कर सकता है।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)
Q1: हार्ट अटैक के संकेत दिख रहे हैं, पर पूरा यकीन नहीं है तो क्या करें?
फिर भी 108/112 पर कॉल करें। सीने में दर्द और सांस फूलना — ये दो सबसे सामान्य संकेत हैं। शक होने पर भी इंतज़ार न करें, क्योंकि देरी घातक हो सकती है
Q2: क्या “Cough CPR” सच में काम करता है?
नहीं। American Heart Association इसे स्पष्ट रूप से खारिज करता है। यह सिर्फ अस्पताल की निगरानी में कभी-कभी अस्थायी रूप से काम कर सकता था — घर पर अकेले किसी के लिए यह न कारगर है, न सुरक्षित
Q3: एस्पिरिन नहीं है तो क्या करें?
अगर aspirin उपलब्ध नहीं है, तो उसे ढूंढने या खरीदने में समय बर्बाद न करें। सबसे पहले 112/108 पर emergency medical help के लिए कॉल करें और medical professional की सलाह का पालन करें
Q4: अगर बेहोशी आने का डर लगे तो क्या करें?
जब तक होश है, सबसे पहले 108/112 पर कॉल करें, फिर परिवार या पड़ोसी को मैसेज/कॉल करके स्थिति बता दें। इससे बेहोश होने के बाद भी मदद आप तक पहुंच सकेगी
Q5: क्या खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल जाना चाहिए?
नहीं, यह सुरक्षित नहीं है। रास्ते में बेहोशी या स्थिति बिगड़ने का खतरा रहता है। एम्बुलेंस बुलाना हमेशा बेहतर विकल्प है
Q6: युवाओं में हार्ट अटैक के मामले क्यों बढ़ रहे हैं?
युवाओं में भी हृदय और रक्त वाहिकाओं से जुड़े जोखिम कारक जैसे धूम्रपान, अस्वास्थ्यकर खान-पान, शारीरिक निष्क्रियता, मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं
Q7: मेडिकल अलर्ट बैंड या पैनिक बैंड क्या होता है?
यह एक साधारण बैंड या कार्ड होता है जिसमें ब्लड ग्रुप, मौजूदा बीमारी और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट जैसी जानकारी लिखी होती है। यह इलाज नहीं है, बल्कि पैरामेडिक्स या आसपास के लोगों को सही जानकारी जल्दी देने का एक साधन है
Q8: हार्ट अटैक और कार्डियक अरेस्ट में क्या अंतर है?
हार्ट अटैक में दिल तक खून पहुंचाने वाली नस ब्लॉक हो जाती है, लेकिन दिल धड़कता रहता है इसे “circulation problem” कहा जा सकता है। कार्डियक अरेस्ट में दिल की पंपिंग अचानक प्रभावी रूप से बंद हो जाती है, जिससे शरीर में रक्त का प्रवाह रुक जाता है। यह अक्सर दिल की इलेक्ट्रिकल गतिविधि में गंभीर गड़बड़ी के कारण होता है। यह जानलेवा स्थिति होती है
कार्डियक अरेस्ट में तुरंत CPR शुरू करना और उपलब्ध होने पर AED का इस्तेमाल करना बेहद जरूरी है। हार्ट अटैक का समय पर इलाज न होने पर यह कार्डियक अरेस्ट में भी बदल सकता है, इसलिए दोनों ही स्थितियों में तुरंत मेडिकल मदद जरूरी है
Q9: हार्ट अटैक के समय अकेले हों तो क्या करें?
सबसे पहले 112/108 पर emergency medical help के लिए कॉल करें। खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल न जाएं और किसी भरोसेमंद व्यक्ति को तुरंत सूचना दें
Q10: क्या हार्ट अटैक में गैस और सीने के दर्द में फर्क करना जरूरी है?
सीने में दबाव, भारीपन, सांस फूलना, ठंडा पसीना, जबड़े, बांह या पीठ में असहजता जैसे लक्षण हार्ट अटैक में हो सकते हैं। इसे केवल गैस मानकर आपातकालीन सहायता लेने में देरी नहीं करनी चाहिए।
निष्कर्ष
हार्ट अटैक के समय अकेले होना डरावना ज़रूर है, लेकिन सही जानकारी होने पर घबराहट के बावजूद सही कदम उठाए जा सकते हैं। अगर हार्ट अटैक का शक हो, तो इंतजार न करें। सबसे पहले आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए कॉल करें। खुद गाड़ी न चलाएं और सोशल मीडिया पर बताए गए घरेलू उपायों पर भरोसा करके समय बर्बाद न करें। अगर आप अकेले रहते हैं, तो आपातकालीन संपर्क नंबर, अपनी चिकित्सकीय जानकारी और परिवार के लिए आपातकालीन योजना पहले से तैयार रखना आपके लिए बेहद उपयोगी हो सकता है।
स्रोत एवं संदर्भ
- Why ‘cough CPR’ is not the lifesaver it’s made out to be — American Heart Association
- Self-Administration of Aspirin After Chest Pain for the Prevention of Premature Cardiovascular Mortality — Journal of the American Heart Association (JAHA), 2024
- Heart Attack vs Cardiac Arrest — Victor Chang Cardiac Research Institute
- 2025 AHA Guidelines for CPR and ECC — American Heart Association
- National Health Mission (NHM), भारत सरकार — 108 Emergency Ambulance Service
- Cardiovascular diseases (CVDs) — World Health Organization
अस्वीकरण (Disclaimer)
इस आर्टिकल में दी गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से है। यह किसी डॉक्टर की सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। हार्ट अटैक या किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में तुरंत 108/112 पर कॉल करें या नज़दीकी अस्पताल जाएं।
By Team SehatPravah — शोध और विश्वसनीय स्वास्थ्य स्रोतों (AHA, JAHA, National Health Mission भारत सरकार) के आधार पर लिखा गया
अंतिम अपडेट: 10 अगस्त 2026
